ITN news मप्र नरसिंहपुर जिला ब्यूरो चीफ संजय साहू 9424997503
साप्ताहिक टीएल बैठक में अधिकारियों को निर्देश
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण हो रहा है, उन्हें उसी गंभीरता से प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में जिले की रैंकिंग इस प्रकार नहीं रहती थी, लेकिन डी एवं सी-केटेगरी में होने के कारण वर्तमान स्थिति बनी है। उन्होंने अधिकारियों से विभागवार रैंकिंग में सुधार लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले में समर्थन मूल्य पर मूंग एवं उड़द खरीदी की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसानों द्वारा अब तक बुक किए गए स्लॉट, खरीदी केंद्रों पर उपज विक्रय करने वाले किसानों की संख्या एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जबलपुर संभाग के आयुक्त (राजस्व) के प्रस्तावित जिले के भ्रमण एवं निरीक्षण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिले में आयोजित किए जा रहे शिविरों की समीक्षा के दौरान श्रम विभाग द्वारा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही शिविरों में आने वाले प्रकरणों की ऑनलाइन एंट्री भी की जाये।
बैठक में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) स्तर पर समय-सीमा से लंबित निकायवार एवं जनपदवार अनुग्रह सहायता आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। उन्होंने अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी को इन प्रकरणों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप करने के निर्देश दिए।
नगरीय निकायों के सीएमओ को संयुक्त रूप से कार्रवाई कर बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अव्यवस्था की स्थिति न बने।