बस्ती, 23 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री एवं बस्ती के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को एक दिवसीय दौरे में नगर की साफ-सफाई व्यवस्था, जिला अस्पताल और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने दरियाखां, बड़ेवन और अमहट घाट का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर, इमरजेंसी, पैथोलॉजी और एक्स-रे विभाग का निरीक्षण करते हुए मरीजों को बेहतर उपचार, दवा उपलब्धता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक में उन्होंने बाढ़ से बचाव की तैयारियों, राहत कार्यों और सभी सीएचसी-पीएचसी पर स्नेक वेनम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, कालाबाजारी रोकने, फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने और सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बाद में सर्किट हाउस में समन्वय समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की।
इंद्रजीत त्रिपाठी
ब्यूरो चीफ | ITN National News