किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग। जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में जमीन के हिसाब-किताब और करीब 4 करोड़ रुपये के लेनदेन को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक का रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में आईसीयू में उपचार जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम नेशनल हाईवे-53 स्थित देवभूमि परिसर में नरेंद्र सिंह को राजेश सिंह (बिहारी) ने बातचीत के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि वहां मौजूद विजय मेनन, विक्की सिंह, अशोक सिंह और अन्य आरोपियों ने नरेंद्र सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि मुख्य हमलावर विजय मेनन ने नरेंद्र सिंह के पेट पर चाकू से तीन से चार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर मौके से भागने का प्रयास किया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है।
घायल नरेंद्र सिंह को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका आईसीयू में इलाज जारी है।
मामले में मोहन नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विजय मेनन, विक्की सिंह, अशोक सिंह सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं देवभूमि के संचालक और नरेंद्र सिंह के पार्टनर बताए जा रहे राजेश सिंह सहित एक अन्य आरोपी फरार हैं।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है।