अकरम पटेल की रिपोर्ट
चिचोली (बैतूल)। निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके अचानक औचक निरीक्षण करने पहुंच गईं। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 50 बिस्तरीय अत्याधुनिक अस्पताल निर्माण की जमीनी हकीकत परखने पहुंचीं विधायक ने घटिया गुणवत्ता देखकर सख्त रुख अपनाया और कार्य एजेंसी (ठेकेदार) को जमकर फटकार लगाई।
टाइल्स की फिनिशिंग पर बिफरीं विधायक
निरीक्षण के दौरान अस्पताल भवन में बिछाई जा रही टाइल्स की गुणवत्ता और फिनिशिंग बेहद खराब पाई गई। इस पर विधायक गंगा उईके ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए दोटूक शब्दों में कहा—
”जनता के हित से जुड़े इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
उन्होंने कार्य एजेंसी को तत्काल प्रभाव से टाइल्स की गुणवत्ता में सुधार करने और फिक्सिंग के लिए सही व मानक सामग्री का उपयोग करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
औचक निरीक्षण के समय विधायक के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। इनमें नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा रितेश मालवीय, उपाध्यक्ष श्रीमती वर्षा संजय आवलेकर, युवा भाजपा नेता आशुतोष (बाली) मालवीय, क्रांति यादव तथा बीएमओ डॉ. अभिनव शुक्ला मुख्य रूप से मौजूद थे। विधायक की इस सख्ती के बाद निर्माण एजेंसी और कर्मचारियों में हड़कंप का माहौल है।