किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार जारी है। अभियान के तीसरे दिन पुलिस ने 22 नाबालिग वाहन चालकों को पकड़ा। इसके साथ ही पिछले तीन दिनों में कुल 89 नाबालिगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।
कार्रवाई के बाद सभी नाबालिगों के अभिभावकों को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित विशेष बैठक में बुलाया गया। यातायात पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों को बताया कि कम उम्र के बच्चों में सड़क पर त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और वाहन चलाने का पर्याप्त अनुभव नहीं होता, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो वाहन स्वामी और अभिभावक के खिलाफ भी मोटरयान अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। बैठक में सभी अभिभावकों से वचन पत्र भरवाया गया कि वे अपने बच्चों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस मिलने तक वाहन नहीं देंगे।
प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस ने मानसरोवर स्कूल जंजगीरी, शारदा विद्यालय रिसाली, केपीएस दुर्ग और स्वामी आत्मानंद स्कूल फरीद नगर सहित विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता अभियान भी चलाया। विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और कम उम्र में वाहन नहीं चलाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के कोई भी छात्र-छात्रा वाहन लेकर विद्यालय न पहुंचे।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और उन्हें वाहन चलाने के लिए न सौंपें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।