किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
जगदलपुर। बस्तर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न की कथित कालाबाजारी के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 378 बोरी पीडीएस चावल, 6 बोरी पीडीएस चना और एक ट्रक जब्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पिछले तीन दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित नेटवर्क की आशंका और गहरा गई है।
खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि अनुपमा चौक स्थित भवानी चाट भंडार के पीछे एक गोदाम में पीडीएस का राशन अवैध रूप से संग्रहित कर ट्रक में लोड किया जा रहा है। सूचना पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां से करीब 186 क्विंटल पीडीएस चावल बरामद किया गया। मौके पर मौजूद ट्रक क्रमांक CG 04 LC 9409 को भी जब्त कर सिटी कोतवाली पुलिस की सुपुर्दगी में देने की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्राथमिक पूछताछ में गोदाम संचालक मोहम्मद जिलानी ने दावा किया कि वह हाट-बाजार और फुटकर खरीद के माध्यम से चावल खरीदकर व्यापारियों को बेचता था। हालांकि खाद्य विभाग इस दावे की जांच कर रहा है और यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि गरीबों के लिए आवंटित पीडीएस चावल बाजार तक कैसे पहुंचा।
इससे पहले बुधवार को भी विभाग ने एक पिकअप वाहन से 80 बोरी पीडीएस चावल जब्त किया था, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने पीडीएस खाद्यान्न की संभावित कालाबाजारी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
खाद्य विभाग का मानना है कि जांच में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। यदि पूरे तंत्र की गहन जांच नहीं हुई, तो गरीबों के हिस्से का राशन बाजार में पहुंचने का सिलसिला जारी रह सकता है।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि पीडीएस खाद्यान्न की कालाबाजारी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान खाद्य निरीक्षक घनश्याम राठौर, सहायक खाद्य निरीक्षक दिव्या रानी, पायल वर्मा सहित विभागीय टीम मौजूद रही।