किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से 1 लाख 49 हजार 384 रुपये के कथित गबन के मामले में मोहन नगर पुलिस ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप (51) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शुभांगी मराठे ने अपने वेतन में अनियमितता की शिकायत विश्वविद्यालय के कुलपति से की थी। शिकायत के बाद विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति ने मामले की जांच की।
जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक अभिलेखों और यूपीआई लेन-देन की जांच में सामने आया कि पीड़िता के खाते में प्रतिमाह 11,515 रुपये वेतन स्वीकृत था, लेकिन उसे कथित रूप से केवल 2,200 रुपये ही दिए जा रहे थे। जांच में वेतन राशि में कुल 1,49,384 रुपये के कथित गबन की पुष्टि होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
मोहन नगर थाना पुलिस ने जांच के आधार पर कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस कथित वित्तीय अनियमितता में अन्य किसी की भूमिका तो नहीं थी।