किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
अंबिकापुर/बलरामपुर। जिले में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने रामानुजगंज स्थित एक निजी धर्मशाला में छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से हाथी के तीन जबड़े बरामद किए गए हैं। आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वन विभाग के अनुसार, वन्यजीव अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामानुजगंज नगर की एक निजी धर्मशाला के कमरा नंबर 205 में कुछ लोग हाथी से जुड़े अवैध वन्यजीव अवशेषों की खरीद-फरोख्त के उद्देश्य से ठहरे हुए हैं। सूचना के आधार पर वन विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से हाथी के तीन जबड़े बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितों के अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों में झारखंड के निवासी तथा एक स्थानीय व्यक्ति शामिल हैं।
वन विभाग ने आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए जब्त सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की तस्करी और अवैध व्यापार में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।