शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर। बुद्ध की पावन धरती सिद्धार्थनगर के खिलाड़ियों ने थाईलैंड के पटाया में आयोजित 9वीं हीरोज़ इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में 37 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें सिद्धार्थनगर के तीन खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।प्रतियोगिता में समर वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और भारत का तिरंगा बुलंद किया। वहीं, मात्र 7 वर्षीय देवम पासवान ने मेजबान थाईलैंड के खिलाड़ी को कड़ी चुनौती देते हुए रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।इसके अलावा दिलीप कुमार पासवान ने सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाड़ी को नॉकआउट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में श्रीलंका के खिलाड़ी से रोमांचक मुकाबले के बाद उन्होंने रजत पदक हासिल किया।सिद्धार्थनगर के तीनों खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय सफलता से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्रवासियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।इन खिलाड़ियों की उपलब्धि ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि सिद्धार्थनगर की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर देश का नाम रोशन करने में सक्षम हैं।