किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग। शहर के इंदिरा मार्केट में नामी ब्रांड Gold Flake Premium के नाम पर कथित नकली सिगरेट बेचने का मामला सामने आया है। ITC Limited के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने SSD Traders में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में संदिग्ध सिगरेट जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 18 हजार कथित नकली सिगरेट बरामद की गईं। जब्त सिगरेट की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 7 हजार रुपये बताई जा रही है। इनमें Gold Flake Premium के नाम से रखी गई 24 बंडलों में 12 हजार सिगरेट और अन्य 12 बंडलों में 6 हजार सिगरेट शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित नकली सिगरेट कहां से लाई गई थीं और इन्हें दुर्ग के अलावा किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था।
जांच के दौरान कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे अहम सवाल
इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि कथित नकली सिगरेट की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।