किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बिलासपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज करते हुए शुक्रवार को पुराना हाईकोर्ट के सामने स्थित प्रसिद्ध मद्रासी होटल (मद्रासी रेस्टोरेंट) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान होटल के किचन में साफ-सफाई की गंभीर खामियां मिलीं। इसके बाद विभाग ने होटल का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि होटल के फ्रिज में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी गई थी। फ्रिज और किचन में गंदगी भी मिली। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने को विभाग ने गंभीरता से लिया।
विभाग की कार्रवाई से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए शहर के बड़े होटल एवं रेस्टोरेंट की भी लगातार जांच की जा रही है।
बाहर से साफ-सुथरे नजर आने वाले प्रतिष्ठानों के किचन की वास्तविक स्थिति जांच के दौरान सामने आ रही है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब शहर के अन्य होटल-रेस्टोरेंट भी जांच के दायरे में आने की संभावना है।