शाहाबाद, हरदोई। सावन की विशाल कांवड़ यात्रा को लेकर शाहाबाद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। कांवड़ियों की सुरक्षा और यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक एवं सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद संभाली।
एएसपी आलोक राज नारायण ने नगर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कांवड़ियों की सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विशाल कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर जमीन से लेकर आसमान तक नजर रखी गई। पुलिस ने ड्रोन कैमरे के जरिए यात्रा मार्ग और आसपास के इलाकों की निगरानी की, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
एएसपी की सक्रिय निगरानी और पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत दिखाई दी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के बीच हजारों शिवभक्तों ने यात्रा में हिस्सा लिया।
पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार अपील की गई कि कांवड़िए अनुशासन बनाए रखें और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। अधिकारियों की निगरानी और व्यापक सुरक्षा इंतजामों से कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की दिशा में पुलिस की तैयारियां प्रभावी नजर आईं।
तरंग गुप्ता जिला संवाददाता Itn national news hardoi