दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)कनहर सिंचाई परियोजना अमवार के बांध के पास मंगलवार सुबह एक युवती का उतराया शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने सोमवार सुबह से लापता चल रही किशोरी की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अंजनी (17) पुत्री रमाशंकर, निवासी सुंदरी (पुनर्वास कॉलोनी), के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अंजनी सोमवार सुबह से घर से लापता थी और परिवार उसकी तलाश कर रहा था। मंगलवार सुबह लगभग 7 बजे टहलने निकले लोगों ने घर से करीब 200 मीटर दूर किशोरी का पानी में उतराया शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
अंजनी अमवार में निजी कालेज की छात्रा थी जो कक्षा 11 की छात्रा थी। परिवार में वह तीन संतानों में दूसरी संतान थीं।एक बड़ा भाई और एक छोटा भाई है। परिवार के अनुसार सभी अविवाहित हैं। छोटे भाई लवकुश कुमार ने बताया कि घटना के समय माता पिता रिश्तेदारी में गए हुए थे और बड़ा भाई भी घर पर नहीं था। जब अंजनी घर से निकली, तब घर पर केवल वे दोनों भाई-बहन रह गए थे। लवकुश ने कहा कि घटना के कारणों की उन्हें जानकारी नहीं है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट होने पर ही आगे की कार्यवाई की जाएगी ।