मुरैना। थाना मातारासैया पुलिस ने स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कुल करीब 2 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त 2026 को फरियादी रामबाबू शर्मा निवासी ग्राम डंडोली, थाना अंबाह, अपनी पत्नी भूरी देवी के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जिंगनी के पास अज्ञात आरोपियों ने उनकी पत्नी का मंगलसूत्र छीन लिया था। मामले में अपराध क्रमांक 127/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
29 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम जिंगनी निर्माणाधीन पुल के पास संदिग्ध दो युवकों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान शाहिल पुत्र प्रेम सिंह कुशवाह, उम्र 18 वर्ष, निवासी जारदोदा वैश्यपुर, थाना सुसेरपुर और अभिषेक पुत्र रामलखन कुशवाह, उम्र 22 वर्ष, निवासी नारायण नगर, थाना सिविल लाइन मुरैना के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने मंगलसूत्र लूट की वारदात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से करीब 4 ग्राम सोने जैसा धातु का मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन एवं अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विवेक तोमर सहित पुलिस टीम द्वारा की गई।