दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय महिला थाना परिसर में रविवार को एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में श्री कृष्ण जन्माष्टमी को शांति और सुचारु रूप से मनाने के उद्देश्य से पीस कमेटी की विशेष बैठक आयोजित की गई। दोनों समुदायों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया और त्यौहार के सफल आयोजन के लिए आवश्यक सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
बैठक में जेबीएस के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि ने झांकियों के मार्ग, समय और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने झांकियों की सुरक्षा और जुलूस के संचालन से जुड़े मुद्दों पर सुझाव दिए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि जन्माष्टमी के दौरान सुरक्षा प्रबंध पूरी तरह सुनिश्चित किए जाएंगे।
प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संभावित उपद्रव पर पैनी नजर रखी जाएगी। जुलूसों और भीड़ भाड़ वाली जगहों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे।
एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जन्माष्टमी के मद्देनजर विद्युत आपूर्ति को अनवरत बनाए रखने की व्यवस्था कड़ी कर दी जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में बिजली बाधित न हो।
शांति समिति की बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, सुरेंद्र गुप्ता, अमरनाथ जायसवाल, सुरेंद्र अग्रहरि, अरुणोदय जौहरी, कलीमुल्ला खान, फत्तेह मोहम्मद खान, नंदलाल अग्रहरि,जितेंद्र चंद्रवंशी, सुमित सोनी सहित दोनों समुदायों के दर्जनों वरिष्ठ नागरिक और प्रतिनिधि मौजूद रहे।