सोनभद्र।जनपद सोनभद्र में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में कोर्ट से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी थानों के न्यायालय पैरोकार, शाखा प्रभारी, मॉनिटरिंग सेल, जमानत सत्यापन सेल, रिट सेल के अधिकारी व सभी क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।
एएसपी ने कहा कि न्यायालय से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, केस डायरी समय पर प्रस्तुत करने तथा जमानत सत्यापन व रिमाण्ड से जुड़ी कार्यवाही को नियमानुसार करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही मामलों की फर्द चालानी व दस्तावेजी तैयारी में गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक केस की मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और आवश्यकतानुसार मॉनिटरिंग सेल के माध्यम से अद्यतन रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए। जमानत सत्यापन सेल को विशेष तौर पर कहा गया कि सत्यापन प्रक्रियाएँ तेज और सटीक हों ताकि अदालत में पैरवी प्रभावी ढंग से हो सके।
एएसपी ऋषभ रुणवाल ने स्पष्ट किया कि संदेश स्पष्ट है न्यायालय से जुड़े मामलों में देरी या लापरवाही नहीं, बल्कि समयबद्ध और गुणात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों व संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी अपनी जिम्मेदारियों का पालन सुनिश्चित कराएँ और किसी भी देरी के कारणों की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दें।