बारिपदा, 02/09: मयूरभंज जिले के बारिपदा शहरवासियों और यहां आने-जाने वाले लोगों को आसानी से शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर पेयजल कियोस्क का उद्घाटन किया गया।
गृह निर्माण एवं नगर विकास तथा सामान्य उद्यम विभाग के मंत्री डॉ. कृष्णचंद्र महापात्र ने इन कियोस्कों का लोकार्पण किया और स्वयं पानी पीकर इसकी शुरुआत की।ये पेयजल कियोस्क बस स्टैंड के पास, मां अंबिका पंप हाउस परिसर तथा झुबुली बांध के पास स्थापित किए गए हैं। इससे यात्रियों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को आसानी से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।इस अवसर पर मंत्री डॉ. महापात्र ने कहा कि राज्य सरकार लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खासकर गर्मी के मौसम में लोगों की पानी की जरूरत को देखते हुए आवश्यक स्थानों पर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए मंत्री ने मां अंबिका पंप हाउस का भी दौरा किया। वहां उन्होंने पानी की गुणवत्ता जांच और प्रयोगशाला परीक्षण की व्यवस्था का निरीक्षण किया।बारिपदा शहर के कुछ क्षेत्रों में 24 घंटे यानी 24×7 जलापूर्ति व्यवस्था पहले से चल रही है। वहीं, जिन क्षेत्रों में अभी तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं हो पाई है, वहां जल्द से जल्द 24×7 शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मंत्री ने वाटको के महाप्रबंधक को निर्देश दिया।मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में शहर की जल आवश्यकता का आकलन करते हुए जल भंडारण क्षमता बढ़ाई जाएगी। साथ ही गुणवत्तापूर्ण पेयजल, निर्बाध सेवा और आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।कार्यक्रम में बारिपदा विधायक प्रकाश सोरेन सहित विभिन्न अतिथि, बारिपदा नगरपालिका के अधिकारी, वाटको के महाप्रबंधक गुलशन कुमार साहू, मैनेजर बिपिन बिहारी दास, असिस्टेंट मैनेजर बी.के. साहू, सुप्रीत दास और प्रभाकर सिंह, जलसाथी, अन्य कर्मचारी तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।