बारीपदा, 4 सितंबर 2026: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी को लेकर पूरे देश में उत्सव का माहौल है। इसी क्रम में मयूरभंज जिले का बारीपदा शहर भी कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बारीपदा शहर के विभिन्न मंदिरों में जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है।सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में पूजा की डलिया लेकर मंदिर पहुंचीं। डलिया में भोग सामग्री के साथ मयूर पंख रखकर श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की पूजा के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।विशेष रूप से बारीपदा के राधामोहन मंदिर, अंबिका मंदिर, गौरांग मंदिर और जगन्नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गई। मंदिरों में भक्त अनुशासित तरीके से कतार में खड़े होकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन की प्रतीक्षा करते नजर आए।तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। घंटों तक कतार में खड़े रहने के बावजूद भक्त धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भगवान श्रीकृष्ण का नाम जपते हुए श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में मंदिर में प्रवेश कर रहे थे।मंदिर परिसर में ब्राह्मणों द्वारा श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ति के लिए विभिन्न पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए जा रहे थे। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। विभिन्न मंदिरों में पुलिसकर्मी तैनात रहे और श्रद्धालुओं की कतार को व्यवस्थित करने के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण का कार्य करते नजर आए।वहीं, बारीपदा का राधामोहन मंदिर आज जन्माष्टमी के मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं का आगमन दिनभर जारी रहा। मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के साथ जन्माष्टमी का उत्साह लोगों को एक अलग ही अनुभूति करा रहा है।भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खासा उत्साह देखने को मिला। बारीपदा शहर में जन्माष्टमी का यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन का सुंदर उदाहरण बन गया है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज, ओडिशा राज्य संवाददाता।