
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को भेड़ाघाट निवासी संजू ठाकुर अपने मामा के साथ काम के रुपये लेकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। अंधमूक की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर सीमेंट गोदाम के पास तीन बदमाशों ने उनकी चलती मोटरसाइकिल में लात मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद दोनों से कुल 8500 रुपये छीन लिए और विरोध करने पर मारपीट करते हुए मोटरसाइकिल भी लूटकर फरार हो गए।
वहीं, 18 अगस्त 2026 को राधाकृष्ण नेत्रालय के पास एक अन्य घटना में तीन युवकों ने शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर एक युवक ने नुकीली चीज से हमला किया और अन्य आरोपियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वायपास जीरो डिग्री के पास दबिश देकर दिन्नू उर्फ दिनेश अहिरवार, गौरव अहिरवार उर्फ भोला और प्रमोद चौधरी को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातें करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों से लूट की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 49 जेडई 2751, लूटे गए 1500 रुपये, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्सिस और दूसरी मोटरसाइकिल बरामद की है। शेष रुपये खर्च कर देना बताया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेंद्र सिंह पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम, क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर — मदन रैकवार जिला चीफ ब्यूरो, जबलपुर