दुद्धी (सोनभद्र)।कस्बे एवं आसपास के क्षेत्र में रविवार श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर कस्बे के विभिन्न मंदिरों एवं पूजा स्थलों से भगवान श्री कृष्ण की एक से बढ़कर एक सुंदर व अलौकिक झांकियां निकाली गईं। इनमें मुख्य रूप से राधा-कृष्ण मंदिर से निकली राधारानी कृष्ण की झांकी लोगों के विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस मनमोहक झांकी ने हर किसी का मन मोह लिया।

शोभायात्रा ढोल तड़ासे व डीजे की गूंज के साथ पूरे नगर में भव्यता से निकाली गई, जिससे पूरा कस्बा भक्तिमय के वातावरण में डूब गया। जुलूस के दौरान युवाओं का उत्साह चरम पर रहा और उन्होंने खुशी में सराबोर होकर जमकर हल्दी पानी खेला, जिससे पूरा माहौल उत्सव के रंगों से सराबोर हो गया।
जुलूस अमवार मोड़ , श्री संकटमोचन मंदिर तिराहा,बस स्टैंड के साथ नगर भ्रमण करते हुए शोभायात्रा रामलीला (टीसीडी)मैदान पहुंची। मैदान में पारंपरिक दही हांडी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां युवाओं की टोली ने भारी उत्साह के साथ मटकी फोड़ी। इसके बाद जुलूस पुनः नगर भ्रमण पर निकला और जय श्री कृष्णा व हरि बोल के जयकारों के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिर मस्जिद गली से होते हुए विसर्जन स्थल शिवाजी तालाब पहुंचा।जहां पूरे विधि विधान और धार्मिक रीति रिवाजों के साथ भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमाओं का जल में विसर्जन किया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन मुस्तैद दिखा। पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय प्रभारक साहनी तथा प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ पूरे मार्ग पर गश्त करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। पुलिस की कड़ी चौकसी के बीच पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
