71वीं वाहिनी एसएसबी ने 990 किलोग्राम यूरिया खाद जब्त की,
दिनांक 09.09.2026 को 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, मोतिहारी द्वारा श्री प्रफुल्ल कुमार, कमांडेंट के निर्देशन में सीमा चौकी अगरवा द्वारा आसूचना आधार पर नाका के दौरान 22 बोरी यूरिया खाद, कुल 990 किलोग्राम तथा 04 साइकिल जब्त करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर सीमा चौकी अगरवा के नाका दल द्वारा सीमा क्षेत्र में निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोग साइकिल एवं सिर पर यूरिया खाद की बोरियां लेकर भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए। एसएसबी जवानों को देखते ही कुछ लोग खाद की बोरियां छोड़कर फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जयलाल राय (45 वर्ष), निवासी अगरवा, थाना जितना, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने यूरिया खाद को नेपाल में बिक्री के लिए ले जाने की बात बताई तथा खाद से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। एसएसबी द्वारा 22 बोरी यूरिया खाद (प्रति बोरी 45 किलोग्राम), कुल 990 किलोग्राम एवं 04 साइकिल को नियमानुसार जब्त कर अग्रिम कार्रवाई हेतु सीमा शुल्क कार्यालय, मोतिहारी में जमा करने की प्रक्रिया की जा रही है।