अकोदिया।
शाजापुर पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने बुधवार शाम 7 बजे अकोदिया थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी शुजालपुर निमेष देशमुख एवं थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत मौजूद रहे। एसपी ने थाने के विभिन्न अभिलेखों, लंबित अपराधों, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों की जानकारी लेकर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए एसपी प्रियंका शुक्ला ने बताया कि थाने में लंबे समय से लंबित मामलों की समीक्षा की गई है। अधिकारियों को मामलों की जांच में तेजी लाने और प्रकरणों के जल्द निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।
6 में से 4 मामलों में मोटर केबल बरामद
खेतों से मोटर और केबल चोरी की घटनाओं को लेकर एसपी ने बताया कि क्षेत्र में सामने आई छह घटनाओं में से चार मामलों में चोरी गई मोटर एवं केबल बरामद कर ली गई हैं। शेष मामलों में भी पुलिस द्वारा जांच जारी है। उन्होंने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
एसपी ने बताया कि जनसहयोग से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ अपराध होने की स्थिति में आरोपियों की पहचान और पतारसी में भी मदद मिल रही है। इसके चलते संपत्ति संबंधी अपराधों के डिटेक्शन रेट में सुधार हुआ है।
अपराधों में कमी, कॉम्बिंग गश्त में वारंटी पकड़े
एसपी ने कहा कि पुलिस टीम द्वारा लगातार किए जा रहे मैदानी कार्यों और गश्त के चलते पिछले वर्षों की तुलना में क्षेत्र में संपत्ति एवं शरीर संबंधी अपराधों में कमी आई है। हाल ही में जिलेभर में चलाए गए कॉम्बिंग गश्त अभियान के दौरान 45 स्थायी वारंटी और 92 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पीक आवर्स में तैनात होगा पुलिस बल
नगर की यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ने कहा कि अकोदिया में पीक आवर्स के दौरान पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि मुख्य मार्गों एवं बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति से लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान में थाने में पुलिस बल की कमी है, लेकिन नई भर्तियों से पुलिस बल मिलने के बाद यह कमी दूर होने की उम्मीद है। उपलब्ध बल के अनुसार पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नगर भ्रमण कर गणेश पंडालों की व्यवस्थाएं देखीं
वार्षिक निरीक्षण के बाद एसपी ने नगर का भ्रमण भी किया। उन्होंने गणेश उत्सव को लेकर पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति देखी। गणेश पंडालों में फ्लेक्स, सीसीटीवी कैमरे सहित सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं मिलीं। उन्होंने आयोजक समितियों से विसर्जन एवं जुलूस को लेकर चर्चा की और शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की बात कही। पुलिस अधिकारियों को भी जुलूस एवं विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।