बारिपदा, 25/09/2026: स्थानीय शहीद स्मृति भवन में ‘आमे, बारिपदा’ के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय वार्षिक नौ दिवसीय राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव की पांचवीं शाम दो नाटकों के शानदार मंचन के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर भुवनेश्वर की स्पेस एकेडमी द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘चेयर्स’ तथा कोलकाता के दमदम एमबीडी द्वारा प्रस्तुत ‘एक्सप्लोरेशन’ का मंचन किया गया।पहले नाटक ‘चेयर्स’ की रचना एवं निर्देशन सत्यव्रत राउत ने किया था। नाटक में सत्यव्रत राउत, कल्पना राउत और गौरव पाणिग्राही ने विभिन्न भूमिकाओं में अभिनय कर दर्शकों को प्रभावित किया।इसके बाद दमदम एमबीडी, कोलकाता की ओर से ‘एक्सप्लोरेशन’ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसमें देव कुमार पाल, देवाशीष चक्रवर्ती और सुब्रता घोष ने विभिन्न भूमिकाओं में अभिनय किया। वहीं पॉली पाल, स्वाती दास और तियासी पाल ने मंच संचालन में सहयोग किया।आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. कैलाश चंद्र महांति की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन समारोह में करंजिया के उपजिलाधिकारी डॉ. दयासिंधु परिडा, जिला शिक्षा अधिकारी पूर्णचंद्र सेठी, ओडिशा नाट्य संघ के पूर्व सचिव शुभकांत पाढ़ी, समाजसेवी सुधामयी दास एवं प्रणति दास प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए नाट्य महोत्सव की सफलता की कामना की।इस अवसर पर अभिनेता ज्ञानरंजन पंडा को ‘मयूरभंज महा सम्मान’ तथा ओडिशा के प्रतिष्ठित अभिनेता एवं निर्देशक सत्यव्रत राउत को ‘गिरीश कन्नड़ स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया।महोत्सव के दौरान प्राथमिक से लेकर उच्च विद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के बीच आयोजित चित्रांकन, नृत्य, म्यूजिकल चेयर, एंकरिंग, एकल अभिनय और मूक अभिनय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम में विशिष्ट अभिनेता एवं निर्देशक तथा समिति के सचिव चिन्मय दास पटनायक ने स्वागत भाषण दिया और धन्यवाद ज्ञापन किया।मीडिया संयोजक सोमनाथ सिंह ने बताया कि रविवार को क-ख-ग, संबलपुर का ‘अनन्य’ एवं ‘सरभुज’ तथा सरभुज, मिदनापुर का ‘ओ रे विहंग’ नाटक प्रस्तुत किया जाएगा।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रह्राज, स्टेट हेड।