ITN National

इंडियन टीवी न्यूज

Advertisement

महाराजा पूर्णचंद्र उच्च माध्यमिक विद्यालय की कक्षाएं होंगी स्थानांतरित

```

बारीपदा, 27/09: महाराजा पूर्णचंद्र उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारीपदा के जर्जर एवं असुरक्षित भवन को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालय की कक्षाओं को वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। साथ ही विद्यालय के लिए नए भवन के निर्माण हेतु 38 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की गई है।गृह निर्माण एवं नगर विकास तथा सामान्य उद्यम विभाग के मंत्री डॉ. कृष्णचंद्र महापात्र के प्रयास से इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ी है। करीब एक सप्ताह पहले मंत्री डॉ. महापात्र ने विद्यालय परिसर का दौरा कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया था। इसके बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षाओं को तत्काल वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने तथा नए भवन के निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया था।इस प्रक्रिया को युद्धस्तर पर पूरा करने के लिए मंत्री ने विद्यालय एवं जनशिक्षा विभाग के साथ भी चर्चा की। इसके बाद नए भवन के निर्माण के लिए 38 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की गई है।इसी क्रम में जिला कलेक्टर हेमकांत साय की अध्यक्षता में महात्मा गांधी सम्मेलन कक्ष में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री डॉ. कृष्णचंद्र महापात्र ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति, विद्यार्थियों की सुरक्षा, वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था तथा नए भवन के निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वैकल्पिक स्थान पर जल्द से जल्द कक्षाएं शुरू करने और आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, विद्यालय की कक्षाएं तक्तपुर क्षेत्र स्थित महाराजा पूर्णचंद्र स्वायत्त महाविद्यालय, उत्कलमणि गोपबंधु दास सरकारी बी.एड. महाविद्यालय तथा सरकारी तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान में निर्धारित समय के अनुसार संचालित की जाएंगी। इसके लिए आवश्यक कक्षाएं, फर्नीचर, बिजली एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों को दिए गए हैं।पूरी स्थानांतरण प्रक्रिया जिला प्रशासन की प्रत्यक्ष निगरानी में संपन्न होगी। जिला कलेक्टर हेमकांत साय ने कहा कि विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े और सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई जारी रहे, इसके लिए सभी संबंधित संस्थानों एवं विभागों के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाएगा।बैठक में बारीपदा विधायक प्रकाश सोरेन, अतिरिक्त जिला कलेक्टर दुखबंधु नायक, जिला शिक्षा अधिकारी पूर्णचंद्र सेठी, अधीक्षण अभियंता रोहन राय, तहसीलदार सपन कुमार साहू, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी शिशिर कुमार मुंदुया सहित संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहऱाज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *