लिमोरा में ‘सेवा सेतु शिविर’ बना ग्रामीणों के लिए राहत का केंद्र, 1,513 आवेदनों का मौके पर निराकरण
बालोद, 1 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत बालोद विकासखंड के ग्राम पंचायत लिमोरा में आयोजित ‘सेवा सेतु शिविर’ में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ मिला। शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त कुल 1,513 आवेदनों और प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया गया।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन में आयोजित शिविर में विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मौके पर ही समाधान उपलब्ध कराया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी।
पंचायत विभाग के 867 आवेदन निपटाए
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े 867 आवेदनों का निराकरण किया। इनमें श्रम कार्ड ई-केवाईसी के 450, स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय के 131, वीबीजी राम जी जॉब कार्ड के 95, मृत्यु पंजीयन के 48, पेंशन के 57, श्रम कार्ड के 29, विवाह पंजीयन के 32 और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की प्रथम किश्त के 10 आवेदन सहित अन्य प्रकरण शामिल रहे।
राजस्व के 576 प्रकरणों का मौके पर समाधान
राजस्व विभाग ने 576 प्रकरणों का निराकरण किया। इनमें आय प्रमाण पत्र के 460, जाति प्रमाण पत्र के 46, निवास प्रमाण पत्र के 28, नामांतरण के 33 और खाता विभाजन के 9 प्रकरण शामिल हैं।
70 हितग्राहियों को मिले स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े कार्ड
स्वास्थ्य विभाग ने निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श के साथ योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया। शिविर में 62 आयुष्मान कार्ड और 8 वय वंदना कार्ड, यानी कुल 70 हितग्राहियों के कार्ड बनाए गए।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी और फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी भी दी गई। प्रशासन का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री कृष्णकांत पवार, श्री राकेश छोटू यादव सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






