कोरगुड़ा में बिना अनुमति मेडिकल कैंप की तैयारी, 4 लोगों पर कार्रवाई; ₹7.18 लाख की दवाई-हेल्थ प्रोडक्ट सामग्री जब्त
बालोद, 4 अक्टूबर 2026। ग्राम कोरगुड़ा में बिना वैध शासकीय अनुमति मेडिकल कैंप लगाने की तैयारी कर रहे चार व्यक्तियों के खिलाफ थाना बालोद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन सहित RETROS कंपनी की बड़ी मात्रा में दवाइयां, सप्लीमेंट्री एवं हेल्थ प्रोडक्ट तथा मेडिकल कैंप से संबंधित अन्य सामग्री जब्त की है। पंचनामा के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7 लाख 18 हजार 597 रुपये है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पंचायत भवन कोरगुड़ा में चार व्यक्ति वाहन क्रमांक CG 07 AQ 7352 से पहुंचकर मेडिकल कैंप लगाने के नाम पर दवाइयां और सप्लीमेंट्री प्रोडक्ट लाए हैं तथा ग्रामीणों को उपचार के लिए एकत्रित कर रहे हैं। सूचना पर थाना बालोद की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर चारों व्यक्ति वाहन के साथ मेडिकल कैंप लगाने की तैयारी करते मिले। पुलिस ने उनसे मेडिकल कैंप लगाने संबंधी शासकीय अनुमति एवं वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन मौके पर कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद चारों व्यक्तियों को वाहन एवं बरामद सामग्री सहित थाना बालोद लाया गया और पंचनामा तैयार कर सामग्री जब्त की गई। मामले में धारा 106 BNSS के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक जब्त सामग्री में RETROS कंपनी के Memory Granue, Lady Care Tablet, Uric Acid Control Capsule, RETROS Renzova Capsule, Kidney Care Tablet, Piles Care Tablet, Men’s Charge Capsule, Thyroid Care, Flax Seed Softgel, Bone Health Care Tablet, Multivitamin Tablet, Ortho Care, Women’s Healthcare, Liver Care, Omega Capsule, Easy Slim 3 in 1 Powder, Heart CRE Powder, Detox Power Juice, Amrit Boost Juice, Castro Gen Syrup, Diabo Care Tablet और BP-Care Tablet समेत कई प्रकार के हेल्थ एवं सप्लीमेंट्री प्रोडक्ट शामिल हैं।
इसके अलावा AYUR Nutri More Energy Booster Powder, Ortho Gen Relax Pain Relief Oil, Fat Cleaner, B-Safe Syrup Blood Purifier, Nili Bringadi Thail, CMD, EZY Leaf Green Tea, Suvarna Prashan और A Blend of Herbs सहित अन्य सामग्री भी बरामद की गई।
पुलिस ने वाहन CG 07 AQ 7352, वायर, बिजली का बोर्ड, पुराना Canon प्रिंटर, लैपटॉप, Quantum Resonance Magnetic Analyzer मशीन और वेट मशीन भी जब्त की है।
कार्रवाई में राजेश कुमार कोठारी (40), निवासी ग्राम हरंडडा, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई; टी. वेंकटेश राव (47), निवासी हुडको भिलाई; सुरेन्द्र पटेल (29), निवासी ग्राम सिंगारपुर, जिला कबीरधाम; और मोहित कुमार रक्सेल (38), निवासी करगाडीह, उतई, जिला दुर्ग शामिल हैं।
बालोद पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित वैधानिक अनुमति एवं दस्तावेजों की जांच की जा रही है और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मेडिकल कैंप, उपचार या दवा वितरण के नाम पर होने वाली किसी भी गतिविधि में संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था की वैधता और विभागीय अनुमति की जानकारी अवश्य लें तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


