पितृपक्ष मेला 2026: गया जी में विदेशी श्रद्धालुओं ने किया पिंडदान, व्यवस्थाओं की सराहना
गया, 4 अक्टूबर 2026। पितृपक्ष मेला 2026 में रूस, फ्रांस, जर्मनी, इटली, ब्राजील और यूक्रेन समेत कई देशों से आए 22 विदेशी श्रद्धालुओं ने गया जी में अपने पितरों का पिंडदान और तर्पण किया।
विदेशी पिंडदानियों ने विष्णुपद मंदिर, प्रेतशिला और अक्षयवट सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की। उन्होंने गया की आध्यात्मिक शांति, धार्मिक परंपरा, स्वच्छता, ट्रैफिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।
श्रद्धालुओं ने कहा कि गया जी में उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने पितृपक्ष मेले को भारत की प्राचीन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा को दुनिया तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता नितेश गोयल ने विदेशी श्रद्धालुओं को गंगाजल और गया-बोधगया की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित कॉफी टेबल बुक भेंट की। विदेशी श्रद्धालुओं ने कहा कि वे गया जी के अपने अनुभव को अपने देशों में साझा करेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार, पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए यातायात, स्वच्छता, मेडिकल, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
रिपोर्ट: त्रिलोकी नाथ, गयाजी बिहार