*
पितृपक्ष मेला में 22 विदेशी श्रद्धालुओं ने किया पिंडदान, गया की व्यवस्थाओं की सराहना
गया, 4 अक्टूबर 2026। पितृपक्ष मेला 2026 में रूस, फ्रांस, जर्मनी, इटली, ब्राजील और यूक्रेन समेत विभिन्न देशों से पहुंचे 22 विदेशी पिंडदानियों ने गया जी में अपने पितरों का पिंडदान और तर्पण किया।
विदेशी श्रद्धालुओं ने विष्णुपद मंदिर, प्रेतशिला और अक्षयवट सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन किया। उन्होंने गया की आध्यात्मिक शांति, संस्कृति, स्वच्छता, ट्रैफिक व्यवस्था और प्रशासनिक इंतजामों की जमकर सराहना की।
विदेशी पिंडदानियों ने कहा कि गया जी में उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने पितृपक्ष मेले को भारत की प्राचीन संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
विदेशी श्रद्धालुओं को भेंट की गई कॉफी टेबल बुक
सहायक समाहर्ता नितेश गोयल ने विदेशी श्रद्धालुओं को गंगाजल और गया-बोधगया की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को दर्शाने वाली कॉफी टेबल बुक भेंट की। विदेशी श्रद्धालुओं ने कहा कि वे गया जी के अपने अनुभव को अपने देशों में साझा करेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार, पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मेडिकल, स्वच्छता, यातायात, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और खोया-पाया सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
रिपोर्टर: त्रिलोकी नाथ, गयाजी बिहार