पूर्वांचल जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 का समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
दुद्धी, सोनभद्र। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी एवं पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पूर्वांचल जोन की दो दिवसीय क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 का समापन हुआ। प्रतियोगिता में करीब 14 विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।
वरिष्ठ बालिका वर्ग में माही ने 100, 200 और 400 मीटर में प्रथम स्थान हासिल कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप जीती। वहीं हुस्नआरा ने 800, 1500 मीटर और त्रिकूद में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उपकनिष्ठ बालक वर्ग में अंशु ने 200, 400 और 600 मीटर में प्रथम स्थान हासिल किया।
वरिष्ठ बालक वर्ग में उमेश कुमार और प्रेम कुमार ने तीन-तीन स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की।
विद्यालयवार प्रदर्शन में सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी ने सर्वाधिक 18 प्रथम स्थान हासिल किए। समापन समारोह में नगर पंचायत दुद्धी के अध्यक्ष समेत विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे। प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों और खिलाड़ियों का आभार जताया।
