खुर्जा । मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के अवतरण की पावन वेला के उपरांत श्री रामलीला कमेटी रजि., खुरजा के तत्वावधान में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव के अंतर्गत चारों भाइयों का ‘नामकरण संस्कार’ अत्यंत श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। सोमवार सायं पदम सिंह गेट स्थित श्री गंगा मंदिर का प्रांगण वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की जगमगाहट से देवलोक सा प्रतीत हो रहा था। कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ जी द्वारा चारों शिशुओं के नामकरण की लीला का विधि-विधान पूर्वक मंचन किया गया। लीला के दौरान जैसे ही कुलगुरु ने सकल विश्व को आनंद देने वाले परब्रह्म का नाम ‘राम’, जगत का पोषण करने वाले का नाम ‘भरत’, शत्रुओं का नाश करने वाले का नाम ‘शत्रुघ्न’ और शुभ लक्षणों के धाम प्रभु के अनुज का नाम ‘लक्ष्मण’ रखा, पूरा प्रांगण “जय श्री राम” के जयकारों, शंखध्वनि और घंटों के नाद से गूंज उठा। “भए प्रगट कृपाला दीनदयाला…” के अलौकिक प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों-प्रधान आशीष गोयल, महामंत्री पुनीत साहनी ‘विक्की’, कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, जनरल मैनेजर दीपक गर्ग (पूर्व चेयरमैन), मंदिर इंचार्ज अशोक पालीवाल एवं सह मंदिर इंचार्ज अरुण गर्ग ने प्रभु के बाल स्वरूपों की मंगल आरती उतारकर नगरवासियों की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के संयोजन व प्रचार प्रसार में सोशल मीडिया प्रभारी विनीत आर्य एवं प्रिंट मीडिया प्रभारी रविकांत भारद्वाज का विशेष सहयोग रहा। लीला के उपरांत महाआरती कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान संदीप मित्तल, राजू रसिक, प्रियांशु रोहेला, समर्थ मित्तल, चुनमुन रसिक, अनिल सैनी, लबकेश कुमार भास्कर, शुभम गुप्ता, विकास वर्मा, विकास सोनी, विशाल वाधवा, मिंकू बिंदल, कृष्णा जौहरी, प्रमोद वर्मा, रवि अग्रवाल और ललित गुप्ता सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।