सहारनपुर।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नगर विधानसभा में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के माध्यम से जनसेवा का व्यापक अभियान चलाया गया। इसके तहत नगर विधानसभा के विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर आयोजित कर ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना को साकार किया गया। शिविरों में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और आमजन को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई
समाज कल्याण विभाग, नगर निगम, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एवं योजनाएं शिविरों में उपलब्ध रहीं। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर विधायक श्री राजीव गुंबर जी एवं महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह जी ने किया। नगर विधानसभा में सुभाष नगर पार्क, जनक मंडल, जोनल ऑफिस हकीकत नगर, हकीकत मंडल तथा शारदा नगर चौक पर सेवा शिविर आयोजित किए गए।
इस अवसर पर नगर विधायक श्री राजीव गुंबर जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का संकल्प है कि विकास और जनकल्याण का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि ‘सेवा सेतु’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। जिन लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी या प्रक्रियाओं के कारण कठिनाई होती है, उन्हें एक ही स्थान पर संबंधित विभाग के अधिकारियों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। भाजपा कार्यकर्ता सेवा को संगठन की कार्यशैली का आधार मानते हुए जनता के बीच लगातार कार्य कर रहे हैं।
महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह जी ने कहा कि सेवा और सुशासन भाजपा सरकार की पहचान है। ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से विभिन्न विभागों को एक मंच पर लाकर आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का स्पष्ट विजन है कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव और बाधा के पहुंचे। ऐसे शिविर ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना को मजबूत करते हुए जनता की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम की संयोजक एवं भाजपा महानगर उपाध्यक्ष डॉ. नीलू राणा जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाया जा रहा ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से हमारा प्रयास है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शिविरों में उपलब्ध कराकर लोगों की समस्याओं का समाधान कराने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीति नहीं, बल्कि ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के भाव के साथ समाज के बीच कार्य करता है।
शिविरों के आयोजन में मंडल अध्यक्ष संदीप धीमान, अजय वशिष्ठ, हनी वर्मा, अरुण धीमान, पार्षद संजय सैनी, सीमा कात्यानी, राजेंद्र कोहली, अमित त्यागी, राजीव सैनी, ठाकुर गुरचरण सिंह, सुरेंद्र शर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया। रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़