सीतामढ़ी में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का एक्शन: 160 बोतल नेपाली शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
सीतामढ़ी (सोनबरसा): बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद है। इसी कड़ी बीते रविवार की शाम सीतामढ़ी जिले के भुतही थाना पुलिस को रविवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिंहवाहिनी बसवारी के बीच लोहखर राजबाड़ा पथ पर एक शराब तस्कर को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के पास से भारी मात्रा में नेपाली देशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
भुतही थानाध्यक्ष चंद्रगुप्त कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस मार्ग से शराब की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) विवेक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस बल का गठन कर संबंधित मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
बैग में छिपाकर रखी थी 160 बोतल शराब
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रोका। जब बाइक की तलाशी ली गई, तो उस पर रखे बैग से 300 एमएल की कुल 160 बोतलें नेपाली देशी शौफी शराब बरामद हुईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब की खेप और तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (निबंधन संख्या: BR 30R 0546) को तुरंत जब्त कर लिया।
तस्कर की हुई पहचान, भेजा गया जेल
पुलिस अभिरक्षा में लिए गए तस्कर की पहचान सोनबरसा थाना क्षेत्र के हनुमाननगर (वार्ड संख्या 15) निवासी हृदय साह के पुत्र रंजन कुमार के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त शराब और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
