भिलाई। इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कार्यरत राष्ट्रीय संस्था इंडियन इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग (आई आई आई ई) भिलाई चेप्टर की महत्वपूर्ण बैठक भिलाई निवास काफी हाउस के सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जानकारी दी गई कि भिलाई इस्पात संयंत्र के पूर्व एमडी विनोद कुमार अरोरा को इंडियन इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग के द्वारा उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित “फेलोशिप” अवार्ड प्रदान किया गया है। इस गौरवशाली उपलब्धि के लिए भिलाई चेप्टर के द्वारा उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर भिलाई चेप्टर के चेयरमैन के.पटेल, वाइस चेयरमैन घनश्याम कुमार देवांगन, सेक्रेटरी अवनीश दुबे, वीईडब्लूओएम के चेयरमैन व एमडी शिशिर टमोटिया, विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम रायगढ़ के चेयरमैन एस वी नंदनवार एवं भिलाई के चेयरमैन अनिल चौहान विशेष रूप से उपस्थित थे।
इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के पूर्व एमडी विनोद कुमार अरोरा ने कहा कि इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भिलाई चेप्टर की सक्रियता सराहनीय है। चेप्टर के द्वारा आगे भी अनेक महत्वपूर्ण कार्य करने की योजना है। उन्होंने सम्मान देने के लिए पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
बैठक में उपस्थित एस वी नंदनवार एवं अनिल चौहान ने विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की विस्तृत जानकारी प्रदान की और बताया कि विद्युत उपभोक्ताओं को एक निश्चित समय सीमा के भीतर अपनी शिकायतों का निवारण एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवा प्राप्त करने का अधिकार है। उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं के हित संरक्षण एवं जागरूकता लाने संबंधी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां शेयर किया और लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए आगे ऐसे ही जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी।
बैठक में उपस्थित प्रसिद्ध गांधीवादी विचारक एवं वीईडब्लूओएम के चेयरमैन एवं एमडी शिशिर टमोटिया ने गांधीवादी दृष्टिकोण एवं समय प्रबंधन पर अपने विचार व्यक्त किया। उन्होंने गांधीवादी विचारधारा के जरिए भौतिक एवं सामाजिक वातावरण में सुधार करने, अपशिष्ट प्रबंधन, जैविक खाद आदि की महत्ता एवं उपयोगिता, स्थानीय संसाधनों का उपयोग करने आदि पर विस्तार से प्रकाश डाला। चेयरमैन के. पटेल ने आगामी दिनों में भिलाई चेप्टर के द्वारा नगर निगम भिलाई एवं कृष्णा इंजीनियरिंग कालेज के सहयोग से सालिड वेस्ट मैनेजमेंट पर केंद्रित “वेस्ट टू वंडर” कार्यशाला के आयोजन संबंधी जानकारी दी। वाइस चेयरमैन घनश्याम देवांगन ने समाज में समय प्रबंधन लागू करने एवं उससे समाज में आए बदलाव की जानकारी दी।
सेक्रेटरी अवनीश दुबे ने आय व्यय एवं एकाउंट संचालन संबंधी जानकारी प्रस्तुत किया। उन्होंने चेप्टर की डिजिटल मेंबरशिप योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यंग इंजीनियर्स को चेप्टर से जोड़ने के लिए इसे निशुल्क रखा गया है।
बैठक में भिलाई चेप्टर के सीनियर इंजीनियर सुखेती डोगरा, केके गुप्ता, संतोष अग्रवाल, देवेन्द्र सिंह ब्रार, दमयंती पटेल, सुमन देवांगन, श्रीमती ब्रार आदि सदस्य गण उपस्थित थे। संचालन एवं आभार प्रदर्शन सेक्रेटरी अवनीश दुबे ने किया।