बारीपदा, 14 अक्टूबर 2026: विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभा को निखारने, रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने तथा शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को बारीपदा स्थित शरत चंद्र विद्यापीठ परिसर में नरपदा सीआरसीसी क्लस्टर स्तरीय ‘सुरभि-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शैक्षिक कार्यक्रम में नरपदा क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।बुधवार सुबह 10:30 बजे नरपदा सीआरसीसी कनकलता माझी की देखरेख में तथा शरत चंद्र विद्यापीठ की प्रधान शिक्षिका माधुरी द्विवेदी की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। वहीं, छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को खुशनुमा बना दिया।कार्यक्रम में तपस्विनी दाश, प्रदीप नाथ, सिद्धेश्वर मिश्र, डॉ. असीम कुमार चक्रवर्ती, गौरगोपाल लेंका, सुजाता द्वारी, भवानी सिंह तथा राजकिशोर सेठी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व, अनुशासन, आत्मविश्वास और लगन के साथ अध्ययन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में नियमित पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।‘सुरभि-2026’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के बीच भाषण, चित्रकला, श्रुतलेखन, नृत्य और संगीत सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी बौद्धिक क्षमता, कलात्मक कौशल, भाषाई दक्षता और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों प्रमाणपत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।समग्र रूप से ‘सुरभि-2026’ कार्यक्रम विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को सामने लाने, आपसी सद्भाव बढ़ाने तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम के संचालन में शिक्षक मनोज कुमार परिड़ा और सुबोध कुमार परिड़ा ने विशेष भूमिका निभाई।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज, स्टेट हेड।