—
### *प्रेस विज्ञप्ति*
*श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के तत्वावधान में संयुक्त श्रम भवन, गया में चार नए श्रम संहिताओं 1- वेतन संहिता, 2019, 2- औद्योगिक संबंध संहिता, 2020, 3- सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 एवं 4- व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 पर आज दिनांक-14-10-2026 को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।*
इस कार्यक्रम का संचालन अपर समाहर्ता श्री कुमार पंकज, रीजनल प्रॉविडेंट कमिश्नर श्री कृष्ण कुमार राय, श्रीमती पूनम कुमारी, उप श्रमायुक्त, गया, श्री ऋतुराज, सहायक श्रमायुक्त, गया, मोहम्मद हनीस, फैक्ट्री इंस्पेक्टर, गया, ESIC कार्यालय से श्री ओम प्रकाश, श्री मनोज कुमार तथा ईपीएफओ कार्यालय से श्री प्रभात कुमार, श्री नेहल अख्तर द्वारा दीप प्रज्वलित संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों, नियोजकों एवं संबंधित HR अधिकारियों को नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों, उद्देश्यों तथा उनके प्रभावों से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा नई श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों, श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, वेतन संबंधी नियमों, औद्योगिक संबंधों तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को श्रम कानूनों के प्रभाव, क्रियान्वयन तथा संबंधित नियमों के अनुपालन के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताया तथा श्रम कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता श्री कुमार पंकज ने किया। उन्होंने सभी नियोजकों से अपील किया कि नए लेबर कोड के प्रावधानों से वो अपने कर्मी/श्रमिक को अवगत कराएं। तदोपरांत इसकी जानकारी श्रम विभाग के पदाधिकारी को भी देना सुनिश्चित करें। इसके लिए श्रम विभाग के पदाधिकारी निरीक्षण का भी कार्य करेंगे। सहायक श्रमायुक्त, गया द्वारा कोड ऑन-वेज पर विस्तार से चर्चा किया गया। ESIC एवं EPFO से पदाधिकारियों ने भी पेंशन, ESIC सोशल सिक्योरिटी के बारे में विस्तार से चर्चा किया।
इस आयोजन में श्रम विभाग के सभी प्रखंड से श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों, मजदूर संघ के प्रतिनिधियों, NGO के प्रतिनिधियों एवं शहर के प्रमुख नियोजक यथा प्रमोद लड्डू भंडार के मैनेजर, शाकंभरी के नियोजक एवं श्रमिक, रिलायंस के नियोजक एवं श्रमिक, सुधा डेयरी के प्रतिनिधि, पोलदार संघ के सदस्यगण एवं दया इंजीनियरिंग से प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम श्रम प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने तथा श्रमिकों और नियोजकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायक सिद्ध होंगे।
रिपोर्टर – त्रिलोकी नाथ गयाजी बिहार