हरदोई। पुलिस विभाग में कथित लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामलों में एसपी अशोक कुमार मीणा ने कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरक्षियों को निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात में तैनात मुख्य आरक्षी राजेश यादव का थाना परिसर में कथित तौर पर रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
वहीं, यातायात थाना बेनीगंज में तैनात मुख्य आरक्षी रामकिशोर पर सण्डीला के बड़े चौराहे पर निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का आरोप है। जांच के दौरान उनके नशे की हालत में पाए जाने की बात भी सामने आई। इस मामले में भी एसपी अशोक कुमार मीणा ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।
दोनों मामलों में विभागीय जांच के जरिए संबंधित आरोपों की पड़ताल की जाएगी। एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से करें। ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता या अन्य अनियमितता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।