*बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह*
भारत विकास परिषद एवं पतंजलि के सहयोग से झिझिया कार्यक्रम आयोजित
मोतिहारी। नवरात्रि के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद की शाखा सुंदरम एवं शिवम एवं पतंजलि के संयुक्त तत्वावधान में पारंपरिक झिझिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति एवं परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में प्रांतीय महिला सहभागिता एवं पतंजलि की संगठन मंत्री श्रीमती धीरा गुप्ता, शाखा सचिव श्रीमती नीरू तिवारी, महिला सहभागिता डॉ. मनीषा प्रसाद आर्या, सुनंदा, नीलम ओझा, प्रियंका तिवारी, दीपा लोहिया, कुसुम देवी एवं मालीन सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने झिझिया के पारंपरिक गीत गाए और नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बनाया।
इस अवसर पर प्राची ने छठ पूजा के पारंपरिक गीत की अत्यंत मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं, डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों की सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम में झिझिया प्रस्तुत करने वाली बच्चियों को कलम और कॉपी देकर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। शाखा की ओर से उन्हें संदेश दिया गया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक धरोहर को भी जीवंत बनाए रखें। साथ ही आश्वस्त किया गया कि पढ़ाई में किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर शाखा सुंदरम सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी।
इस अवसर पर श्रीमती धीरा गुप्ता ने कहा कि झिझिया हमारी समृद्ध लोक परंपरा का अभिन्न अंग है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है। बच्चियों को शिक्षा के साथ अपनी परंपराओं को संजोने के लिए प्रेरित करना सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. मनीषा प्रसाद आर्या, महिला सहभागिता, शाखा सुंदरम ने कहा कि झिझिया जैसी लोक परंपराएँ हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। इन्हें नई पीढ़ी तक पहुँचाना और बच्चियों को शिक्षा, संस्कार एवं संस्कृति से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिक्षा के क्षेत्र में जरूरत पड़ने पर शाखा बच्चियों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
कार्यक्रम ने लोक संस्कृति के संरक्षण, बालिका शिक्षा और सामाजिक सहयोग का सुंदर संदेश दिया।
रिपोर्ट; अमरजीत सिंह
