रामगढ़।
कस्बे में नवरात्र के उपलक्ष्य में पहली बार गरबा डांसिंग महोत्सव का आयोजन किया गया। श्रीकृष्ण यादव समाज मंदिर परिसर में जीया लाइब्रेरी एवं जिम सेंटर के संचालक रवीन्द्र यादव की ओर से आयोजित जीया फिटनेस गरबा डांसिंग कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने गरबा और डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में रामगढ़ नगरपालिका चेयरमैन प्रेम सिंह, रामगढ़ थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा और पार्षद अविनाश यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजक रवीन्द्र यादव की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान नवरात्र के धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल के बीच गरबा व डांडिया नृत्य की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
महिलाओं ने पारंपरिक गरबा गीतों की धुन पर ताल से ताल मिलाकर नृत्य किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से गरबा और डांडिया नृत्य में हिस्सा लेकर नवरात्र की खुशियां साझा कीं।
आयोजक रवीन्द्र यादव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नवरात्र के पावन अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना और महिलाओं को एक मंच प्रदान करना है। इस तरह के आयोजन से समाज में आपसी मेलजोल, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा मिलता है।
रिपोर्ट अजय भारद्वाज अलवर राजस्थान