कलेक्टर ने किया बरूड़, सिनखेड़ा एवं कसरावद में स्वामित्व योजना के कार्यों का निरीक्षण
स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री कार्य का लिया जायजा
बरूड़ ग्राम में सड़क पर गंदा पानी पाए जाने पर कलेक्टर ने दिए थे सफाई के निर्देश, पूरे गांव में चलाया गया स्वच्छता अभियान
अनिल बिलवे: खरगोन – 24 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का जायजा लेने के लिए बरूड़ एवं सिनखेड़ा ग्राम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रजिस्ट्री कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। बरूड़ में निरीक्षण के दौरान श्री शोभाराम मायाराम की रजिस्ट्री की कार्यवाही भी संपन्न हुई।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने ग्राम सिनखेड़ा में स्वामित्व योजना के तहत किए जा रहे रजिस्ट्री कार्यों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही एसडीएम कार्यालय कसरावद में स्वामित्व योजना के कार्यों की समीक्षा की गई। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने तथा रजिस्ट्री संबंधी कार्यों को समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
ग्राम बरूड़ में सफाई अभियान चलाया गया
दौरे के दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद ने ग्राम बरूड़ में सड़क पर नालियों का गंदा पानी बहता हुआ देखा। इस पर उन्होंने तत्काल पूरे ग्राम में साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के पालन में ग्राम पंचायत द्वारा पूरे गांव में सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत सड़कों एवं नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया।
