कुल 206 शिकायतों की हुई सुनवाई, 18 जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता प्रदान
बारीपदा, 02/11: मयूरभंज जिले के सदर मुख्यालय बारीपदा में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला कलेक्टर हेमकांत साय की अध्यक्षता में जिला कलेक्टर कार्यालय स्थित सभाकक्ष में संयुक्त जन शिकायत सुनवाई शिविर का आयोजन किया गया।
उक्त शिविर में जिला पुलिस अधीक्षक वरुण गुंटुपल्ली, अतिरिक्त जिला कलेक्टर नेत्रानंद मल्लिक, अतिरिक्त जिला कलेक्टर दुःखबंधु नायक, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ईश्वर चंद्र नायक, जिला परिषद के मुख्य विकास अधिकारी एवं कार्यकारी अधिकारी धर्मानंद बेहरा, बारीपदा उप-जिलाधिकारी कस्तूरी पंडा तथा बारीपदा समन्वित आदिवासी विकास संस्था के परियोजना प्रशासक प्रणय रंजन बेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने आम जनता की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की।
आज आयोजित जन शिकायत सुनवाई शिविर में बारीपदा अनुमंडल से कुल 206 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 171 शिकायतें व्यक्तिगत समस्याओं से संबंधित थीं, जबकि 35 शिकायतें ग्रामीण एवं सामुदायिक समस्याओं पर आधारित थीं।
इसके अलावा 15 लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष तथा 3 लोगों को रेडक्रॉस कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त अन्य शिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए जिला कलेक्टर श्री साय ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस जन शिकायत सुनवाई शिविर में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ बारीपदा अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहकर शिकायतों की सुनवाई एवं समाधान प्रक्रिया में सहयोग किया।
उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज, स्टेट हेड।
