सोनभद्र। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनजातीय कल्याण विभाग की यूनिफॉर्म एवं साइकिल योजना के तहत जिले की 684 अनुसूचित जनजाति की छात्राओं को लाभ दिया जाएगा। प्रत्येक चयनित छात्रा को ₹4,000 की सुविधा प्रदान की जाएगी, जिसमें ₹700 यूनिफॉर्म तथा ₹3,300 साइकिल के लिए निर्धारित हैं।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र छात्राओं के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से पूरी की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों का समुचित सत्यापन कर शासनादेश के अनुरूप चयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे।
योजना का उद्देश्य बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देना और छात्राओं को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साइकिल से विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में छात्राओं की स्कूल आवाजाही एवं नियमित उपस्थिति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र छात्राओं को यूनिफॉर्म एवं साइकिल का लाभ वितरित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देना और छात्राओं को शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
