दुद्धी( सोनभद्र)।झारखंड सीमा से सटे विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोलिनडूबा एनएच 39 मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मलिया नदी पुल के समीप मोड़ पर पेट्रोल पंप जा रहे एक बाइक सवार को अज्ञात ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इस दुर्घटना में पहले बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड राज्य के ग्राम झुमका थाना धुरकी निवासी प्रताप यादव (40) पुत्र स्व. बहादुर यादव,आज सुबह अपने घर से बाइक द्वारा कोलिनडूबा पेट्रोल पंप पर तेल लेने के लिए निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रताप यादव जैसे ही कोलिनडूबा पेट्रोल पंप के पास मलिया नदी पुल के समीप पहुंचे, तभी मोड़ पर एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वहां से गुजर रहे एक अन्य बाइक सवार तीन लोगों से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में प्रताप यादव और दूसरी बाइक पर सवार तीनों लोग जख्मी हो गए।
स्थानीय लोगों के द्वारा घटना की सूचना मिलते ही 102 नंबर की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। हालांकि, दूसरी बाइक पर सवार तीनों घायलों ने एंबुलेंस से जाने से इनकार करते हुए किसी निजी अस्पताल में अपना इलाज कराने की बात कही और मौके से चले गए।
इसके बाद एंबुलेंस के चालक विजय राजभर ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल प्रताप यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।जहां चिकित्साधिकारी डॉ. वरुणा निधि की देखरेख में उनका प्राथमिक इलाज किया गया। प्रताप यादव के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
