दिवाली की पूर्व संध्या पर बच्चों ने रंगोली और पोस्टर बनाकर दिखाई प्रतिभा
**उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर में कला एवं रचनात्मकता के माध्यम से दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश…….
परसपुर गोण्डा।। शिक्षा क्षेत्र परसपुर अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर में दिवाली की पूर्व संध्या पर छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और रचनात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बच्चों ने आकर्षक रंगोली और पोस्टर बनाकर अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। रंग-बिरंगे रंगों से सजी रंगोलियों और संदेशपरक पोस्टरों के माध्यम से बच्चों ने त्योहार की खुशियों के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित दीपावली का संदेश भी दिया।
इस मौके पर विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों की कल्पनाशीलता, कलात्मक अभिरुचि और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं। पढ़ाई के साथ कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने बच्चों को दीपावली पर पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और प्रदूषण रहित त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए समय-समय पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनमें रचनात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने सभी बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए सुरक्षित एवं स्वच्छ दीपावली मनाने का संदेश दिया।
