दुद्धी (सोनभद्र)। एक तरफ जहां त्योहारों पर हर घर में खुशियों की रौनक है, वहीं जनपद सोनभद्र के शिक्षामित्रों के घरों से खुशियां गायब हैं। दो माह से मानदेय नहीं मिलने से शिक्षामित्रों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
बताया जा रहा है कि शिक्षामित्र मात्र 18 हजार रुपये के मानदेय पर इस महंगाई में शिक्षण कार्य कर रहे हैं। उस पर भी समय से भुगतान न होना उनके लिए दोहरी मार बन गया है। मानदेय न मिलने से दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहार भी फीके पड़ गए हैं।
इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिला संरक्षक एवं ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह उर्फ धर्मू ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो सैकड़ों शिक्षामित्रों के साथ धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
उन्होंने शासन प्रशासन से मांग की है कि त्योहार से पहले सभी शिक्षामित्रों का बकाया मानदेय जारी किया जाए।
