दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के बोलताकरम गांव में शनिवार दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार बाइक सवारों ने सड़क पार कर रही 70 वर्षीय वृद्ध महिला को जोरदार टक्कर मार दी। घायल महिला को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार धनपतिया देवी (70) पत्नी स्व. हरिहर निवासी बोलताकरम ,घर से निकलकर सड़क पर आई थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार बाइक सवारों ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक खुद गिर गए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस तथा एंबुलेंस को दी। पुलिस की मदद से एंबुलेंस 102 टीम की ईएमटी कुसुम यादव और चालक विजय राजभर ने घायल वृद्ध महिला को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी दुद्धी में इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि महिला के एक हाथ में फ्रैक्चर है, जबकि सिर पर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
