जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न
रतलाम 06 मार्च 2021/ कलेक्टर श्री गोपालचंद्र डाड, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती मीनाक्षीसिंह, सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे, सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों की उपस्थिति में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में कलेक्टर श्री डाड ने जिले के सभी शासकीय चिकित्सकों को पोस्टमार्टम, एमएलसी प्री एमएलसी की रिपोर्ट की टंकित प्रति सील सहित जिसमें चिकित्सक का नाम, पदनाम, संस्था का नाम लिखा हो जारी करने के निर्देश दिए गए। डीपीएम डॉ. अजहर अली द्वारा जिले में चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया गया कि अनमोल एप के माध्यम से एएनएम द्वारा गर्भवती माताओं और बच्चों की ऑनलाईन प्रविष्टि की जा रही है। अनमोल एप में प्रविष्टि कम होने पर कलेक्टर श्री डाड ने असंतोष व्यक्त किया और आगामी बैठक तक शत-प्रतिशत प्रविष्टि कराने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि अनमोल एप की प्रविष्टि के आधार पर गर्भवती माताओं को जननी सुरक्षा योजना एवं प्रसूति सेवा सहायता योजना अंतर्गत राशि का भुगतान किया जाना प्रावधानित है।
डीपीएम द्वारा बताया गया कि हितग्राहियों के समग्र आईडी में उल्लेखित नाम की प्रविष्टि और अनमोल एप में दर्ज नाम मे भिन्नता के कारण भुगतान करने में समस्या है। कलेक्टर श्री डाड ने जिला पंचायत से समग्र आईडी का डेटा लेकर समस्या निराकरण का तत्काल भुगतान करने के निर्देश दिए। डॉ. ननावरे ने जिले में मातृ मृत्यु और शिशु मृत्यु के प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर श्री डाड ने मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए गर्भावस्था के दौरान माताओं की सभी जॉचे निर्धारित समय पर कराने और प्रसव पूर्व प्रबंधन करने के निर्देश दिए। उन्होने एसएनसीयू में भर्ती होने वाले शिशुओं की मृत्यु के ऑंकडों को लेकर चिंता व्यक्त की और एसएनसीयू में भर्ती बच्चों को बचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाऐं सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वय कर सभी कुपोषित बच्चों को भर्ती करने एवं एनआरसी की बेड आक्युपेंसी शत-प्रतिशत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों विभागों को संयुक्त बैठक आयोजित कर गर्भवती माताओं और बच्चों की संख्या के आंकडो का मिलान करने और सामंजस्यपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि सीडीपीओ द्वारा जिन बच्चों को एनआरसी में भर्ती रखने के लिए भेजा जाता है, उनके भर्ती योग्य ना होने की दशा में सीडीपीओ से इस संबंध में चर्चा की जाए। डीपीएम ने कायाकल्प एवं लक्ष्य कार्यक्रम अंतर्गत जिले में प्रदान की जा रही सेवाओं के आधार पर जिला चिकित्सालय को आगामी समय में एनक्यूएएस दर्जा प्राप्त होने की तैयारियों के बारे में अवगत कराया। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे ।
शांति समिति की बैठक 8 मार्च को
रतलाम 06 मार्च 2021/ जिला दण्डाधिकारी श्री गोपालचन्द्र डाड के आदेशानुसार आगामी त्यौहारों महाशिवरात्रि, होलिका दहन, धुलेण्डी तथा रंगपंचमी त्यौहारों पर कानून एवं सुरक्षा व्यस्था बनाए रखने की दृष्टि से शांति समिति की बैठक 8 मार्च को सायं 4.00 बजे न्यू पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभाकक्ष महू रोड पर आयोजित की गई है।
