पर्यवेक्षक श्री कृष्णमोहन गौतम ने पीएससी परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया
रतलाम 20 मार्च 2021/ मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा नियुक्त संभागीय पर्यवेक्षक श्री कृष्णमोहन गौतम ने शनिवार को रतलाम में पीएससी परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। स्थानीय शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा मुख्य परीक्षा 21 मार्च से 26 मार्च तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा का समय प्रातः 10:00 बजे से लेकर दोपहर 1:00 बजे तक का है।
पर्यवेक्षक श्री गौतम ने परीक्षा केंद्र के लिए तैयार किए गए कक्षों का निरीक्षण किया। बैठक व्यवस्था देखी। प्रकाश व्यवस्था, सफाई के बारे में निर्देश दिए। सभी कक्षाओं में समय देखने के लिए लगाई गई दीवार घड़ी के संबंध में निर्देशित किया कि घड़ी इस प्रकार की हो जिसमें सबसे पीछे के लाइन में बैठे परीक्षार्थी भी समय देख सके क्योंकि परीक्षा में समय सबसे महत्वपूर्ण है। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिराली जैन, महाविद्यालय प्राचार्य श्री संजय वाते भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों से अपेक्षा की गई है कि अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर कम से कम एक घंटा पूर्व पहुंचे। परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रातः 9:30 बजे से प्रवेश की अनुमति होगी। परीक्षार्थियों के कक्ष में प्रवेश पश्चात प्रातः 9:45 बजे से 10:00 बजे तक का समय प्रश्न उत्तर पुस्तिका के वितरण तथा प्रविष्टियों के लिए होगा।
परीक्षा में किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के उपयोग को रोकने के लिए जूते-मोजे पहनकर प्रवेश वर्जित होगा, परीक्षार्थी चप्पल, सैंडल पहनकर आ सकते हैं। चेहरे को ढँककर परीक्षा कक्ष में प्रवेश वर्जित होगा। एक्सेसरीज जैसे बालों को बांधने का क्लेचर, बक्कल, घड़ी, हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक चमड़े के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बेल्ट, धूप में पहने जाने वाले चश्मे, पर्स वॉलेट, टोपी वर्जित है। सिर, नाक, कान, गला, हाथ, पैर, कमर आदि में पहनने वाले सभी प्रकार के आभूषण तथा हाथ में बंधे धागे, कलावा, रक्षा सूत्र आदि का सूक्ष्मता से परीक्षण विक्षकों द्वारा किया जाकर परीक्षार्थी के कक्ष में जाने के पूर्व तलाशी ली जाएगी।
परियोजना रतलाम ग्रामीण दो में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका के पद के लिए आवेदन आमंत्रित
रतलाम 20 मार्च 2021/ महिला बाल विकास विभाग की एकीकृत बाल विकास परियोजना रतलाम ग्रामीण 02 में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका के रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें कार्यकर्ता का एक पद तथा सहायिका के 3 पद हैं।
बताया गया कि ग्राम पंचायत हतनारा के आंगनवाड़ी केंद्र रिंगनिया, ग्राम पंचायत ताजपुरिया के आंगनवाड़ी केंद्र हमीरपुर, ग्राम पंचायत धोंसवास के आंगनवाड़ी केंद्र धोंसवास क्रमांक 2 पर आंगनवाड़ी सहायिकाओं के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसी प्रकार ग्राम पंचायत इटावा माताजी के आंगनवाड़ी केंद्र इटावामाताजी 01 में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदन करने की अंतिम तिथि आगामी 31 मार्च की शाम 5:00 बजे तक रतलाम स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय नरसिंह वाटिका बाजना बस स्टैंड के पास लक्कड़पीठा पर जमा की जा सकते हैं। विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
बाल विकास परियोजना रतलाम ग्रामीण क्रमांक 1 के विभिन्न पदों पर आवेदन आमंत्रित
रतलाम 20 मार्च 2021/ महिला बाल विकास विभाग की एकीकृत बाल विकास परियोजना रतलाम ग्रामीण क्रमांक 1 में कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। परियोजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र कनेरी क्रमांक 1 तथा धबाईपाड़ा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्र उमरथाना में सहायिका पद के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 मार्च को शाम 5:00 बजे तक है। आवेदन बाल विकास परियोजना रतलाम ग्रामीण एक कार्यालय नरसिंह वाटिका लक्कड़पीठा, सिलावट का वास रतलाम पर जमा किए जा सकते हैं। विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
