शहडोल के जयस्तंभ चौक से निकलेगी भगवान परशुराम जी की विशाल शोभायात्रा में सम्मिलित होंगे… पंडित घनश्याम शर्मा
शहडोल। भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव कार्यक्रम को लेकर बेहद उत्साह और उमंग के साथ ब्राह्मण समाज विभिन्न तैयारी में जुटा हुआ है। आगामी शुक्रवार, अक्षय तृतीया को आयोजित होने वाले उक्त कार्यक्रम की रूपरेखा लगभग तय हो चुकी है। इस अवसर पर जहां मुख्यालय के मुख्य मार्ग से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। तो वहीं विशाल भंडारा प्रसाद वितरण का आयोजन भी होगा। शहर में निकलने वाली शोभायात्रा में हजारों की संख्या में विप्र बंधुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है।
उक्त जानकारी देते हुए ब्राह्मण समाज शहडोल ने सभी विप्र बंधुओं को आमंत्रित करते हुए, शोभा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष बाल्मीकि प्रसाद गौतम ने बताया कि, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री परशुराम जी स्वामी के जन्मोत्सव मनाया जाएगा। अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर सायं 4:30 बजे जयस्तंभ चौक से गांधी चौक, जैन मंदिर होते हुए मोहन राम मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।