✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
*लिफ्ट देने के बहाने बोलेरो में बैठाया, धोखे से निकाल लिए 36 हजार, दिनदहाड़े मिशन चौक पर बोलेरो सवार युवकों ने बनाया मेडिकल दुकान के कर्मचारियों को शिकार*
*कटनी*=कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिशन चौक पर आज शनिवार दोपहर एक अजीबोगरीब घटना घटित हुई। मिशन चौक पर ऑटो का इंतजार कर रहे मेडिकल दुकान के कर्मचारी को लिफ्ट देने के बहाने बोलेरो सवार चार युवकों ने अपनी गाड़ी में बैठा लिया और हेड पोस्ट ऑफिस के सामने पहुंचते ही कहीं और जाने की बात कहते हुए उसे गाड़ी से उतार दिया। कर्मचारी जब गाड़ी से उतरा और कुछ दूर आगे बढ़ा तो उसे अपने साथ हुई घटना का एहसास हुआ। उसने जब अपनी जेब टटोली तो जेब में रखें 36 हजार रुपए गायब थे। अपने साथ हुई घटना की शिकायत पीड़ित मेडिकल कर्मचारियों ने कोतवाली थाने में की है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बिलहरी की एक मेडिकल दुकान में काम करने वाले बिलहरी निवासी विनोद तिवारी ने कहा कि वह दुकान की पेमेंट लेकर कटनी आया था। कटनी पहुंचने के बाद वह मिशन चौक पर एमजीएम हॉस्पिटल की तरफ जाने के लिए ऑटो की प्रतीक्षा कर रहा था। जब वह मिशन चौक पर खड़ा था इसी बीच एक सफेद कलर की बोलेरो में सवार चार युवक वहां आए और बातचीत करते हुए उन्होंने एमजीएम अस्पताल की तरफ जाने की बात कहते हुए विनोद को भी अपनी गाड़ी में बैठा लिया। हेड पोस्ट ऑफिस के पास जब गाड़ी पहुंची तो बोलोरो सवार युवकों ने बहाना बनाते हुए कहा कि हमें दूसरी तरफ जाना है, और विनोद को वहीं पर उतार कर चले गए। गाड़ी से उतरने के बाद विनोद ने जब अपनी जेब टटोली तो जेब में रखें 36 हजार रुपए गायब थे। पहले तो उसने आसपास गाड़ी को तलाशने की कोशिश की बाद में जब गाड़ी का कहीं पता नहीं चला तो उसने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत की है।