अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी मिली सफलता
बदले की भावना ने बनाया हत्यारा
बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या का आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता रामबाबु चौहान राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम ढाबला में हुए वीभत्स हत्याकांड में क्रूरतापूर्वक की गई बुजुर्ग महिला की मौत के जिम्मेदार हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला पुलिस कप्तान प्रदीप शर्मा ने खुलासा करते हुए बताया कि ग्राम ढाबला में एक महिला को उसी के घर मे पैर काट कर हत्या करने एवं चांदी के कड़े चोरी करने का मामला सामने आया था। अंधा कत्ल होने की वजह से एफएसएल अधिकारी राजगढ डा. नीलेश निम्जे, डॉग स्कॉड प्रभारी राजगढ एवं फिंगर प्रिंट अधिकारी राजगढ तत्काल मौके पर पहुंच गये एवं मामले की छानबीन की जा रही थी, उक्त महिला की लाश करीब 03 दिन पुरानी प्रतीत होने से आस पास कोई खास साक्ष्य नहीं मिल पा रहे थे।
उन्होंने बताया कि टेक्नीकल टीम को हर संभव साक्ष्य जुटाकर अपराधी की तलाश में सहयोग के निर्देश दिये गये। घटना स्थल पर मृतका कसू बाई पति भागीरथ वर्मा उम्र 75 साल के आरोपी की पतारसी के लिये उस पर 10 हजार का ईनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस ने संदेही से पड़ताल में पूछताछ की जिसमे सुरेश पिता राजाराम वर्मा ने जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी सुरेश ने पुलिस को बताया कि घटना के करीब 15 दिन पहले कसू बाई ने मुझ पर गेहूं चोरी करने का आरोप लगा दिया था इसी का बदला लेने के लिए मौका पाकर दराते से उसकी हत्या कर दी… पुलिस ने आरोपी से हत्या में उपयोग में लिए हथियार, चांदी के कड़े 450 ग्राम कीमती 45000 रुपए के जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जिन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। ।